News portals-सबकी खबर (नाहन )
थाना क्षेत्र कालाअंब के तहत गांव सैनवाला में एक 48 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। व्यक्ति ने यह कदम क्यों उठाया ? इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस को किसी तरह का सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। मृतक की शिनाख्त सीताराम पुत्र प्रेम सिंह निवासी सैनवाला, तहसील नाहन के तौर पर हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतक राज मिस्त्री का काम करता था। एक पीर की मजार पर वह पूजा पाठ भी करता था। शुक्रवार को वह काम करने गया था। उसके बाद शाम को मजार से पूजा करके लौट रहा था तो घर व मजार के बीच रास्ते में एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मालूम हुआ है कि मजार पर चढ़ाई गई चुन्नीनुमा चादर का फंदा बनाया गया था। घर वालों ने उसकी खोज की तो उसे पेड़ से लटका पाया।
घटना की खबर मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
ग्राम पंचायत प्रधान संदीपक ने पुलिस को बताया कि मृतक व्यक्ति बहुत ही धार्मिक ख्यालात का था। वह सबसे स्नेह और आदर भाव रखता था। किसी तरह के व्यसन का आदि नहीं था। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
Recent Comments